फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीतुवाला रेलवे फाटक पर पुल का निर्माण कार्य अगले महीने हो सकता हे शुरू

विज्ञापन
दिनोद रोड स्थित जीतुवाला रेलवे फाटक पर फाटक बंद होने के कारण लगी वाहन चालकों की भीड़। संवाद न्यूज - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
भिवानी। भिवानी-दिनोद मार्ग पर जीतुवाला रेलवे सी-52 फाटक पर अब शहर का छठा रेलवे ओवरब्रिज बनेगा। करीब 14 करोड़ रुपयों की लागत से 600 मीटर लंबा शहर का सबसे छोटा ओवरब्रिज होगा। बीएंडआर विभाग मुख्यालय ने पुल निर्माण की डीएनआईटी (डिटेल नोटिस इनवाइटिंग टेंडर) को मंजूरी दे दी है। सोमवार को बीएंडआर विभाग के अधिकारी पुल निर्माण कार्यों के टेंडर कराएंगे। जनवरी के अंतिम सप्ताह में पुल निर्माण के कार्य शुरू होने की उम्मीद है। जीतुवाला रेलवे फाटक पर पुल निर्माण के बाद करीब दस कॉलोनियों की 50 हजार शहरी आबादी के साथ आसपास के सात गांवों को इसका फायदा मिलेगा।
विज्ञापन

बता दें कि सीएम घोषणा में 2015 में जीतुवाला रेलवे फाटक सी-52 पर रेलवे अंडर पास निर्माण की मंजूरी मिली थी। मगर रेलवे और स्थानीय अधिकारियों ने अंडरपास निर्माण से पहले किए सर्वेक्षण के दौरान ही इस परियोजना को सिरे से नकार दिया था, क्योंकि यहां का भूमिगत जलस्तर काफी ऊंचा था, इस वजह से अंडरपास निर्माण संभव नहीं था। फिर ये मामला खटाई में पड़ गया। 17 दिसंबर 2017 को रेल अंडरपास महापंचायत ने आंदोलन किया। इसके बाद महापंचायत ने 1 से 10 जनवरी 2018 में लगातार दस दिनों तक अनिश्चित कालीन धरना दिया। इसके बाद रेलवे मंत्रालय के 21 इंजीनियर, सांसद, विधायक व बीएंडआर विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें अंडरपास की जगह यहां पर पुल निर्माण का निर्णय हुआ। इसके बाद 2018 को फिर से यहां रेलवे ऊपरगामी पुल निर्माण का नए सिरे से मसौदा मुख्यालय को भेजा गया, जिसकी मंजूरी के बाद रेलवे विभाग को भी प्रस्ताव भेजा गया। रेलवे विभाग से पुल के टॉप सेक्शन निर्माण की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। करीब एक माह पहले विभागीय अधिकारियों ने फाइनल पैमाइश कर डीएनआईटी मुख्यालय को भेजी थी, जिसकी मंजूरी अब मिल गई है।
अधिकांश समय बंद रहता है रेलवे फाटक
भिवानी रेलवे स्टेशन से रोजाना भिवानी-रेवाड़ी रेल मार्ग पर मालगाड़ियों के अलावा सवारी गाड़ियों का आवागमन होता है। इसके अलावा स्टेशन पर कई गाड़ियों की लाइन चेंज और क्रॉसिंग की वजह से भी फाटक अधिकांश समय बंद ही रहता है। इसी वजह से शहर व कृष्णा कॉलोनी की तरफ से जीतुवाला का मार्ग बाधित रहता है। जीतुवाला छोर की करीब दस कॉलोनियों की 50 हजार आबादी व सात गांवों के आवागमन का एकमात्र रास्ता भी यही है।
विज्ञापन

अब तक शहर में बन चुके हैं पुल, छठा ये बनेगा
शहर में सबसे पहला रेलवे ओवरब्रिज 80 के दशक में लोहारू रोड पर बनाया गया था, जिसकी लंबाई करीब 900 मीटर तक है। इसके बाद तोशाम रोड पर रेलवे स्टेशन के नजदीक दूसरा रेलवे ओवरब्रिज करीब 2012 में बनकर तैयार हुआ था। जबकि 2015 में हांसी रोड जिला कारागार के पास 930 मीटर लंबा तीसरा रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण हुआ था। तोशाम बाईपास डबल रेलवे फाटक पर करीब एक किलोमीटर लंबे रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण काम जुलाई 2020 में शुरू हो चुका है। इसी तरह भिवानी-महम मुख्य मार्ग पर गांव कालुवास रेलवे फाटक पर 16 करोड़ की लागत से 825 मीटर लंबा रेलवे ओवरब्रिज निर्माण भी दिसंबर माह में शुरू हुआ है। शहर का छठा पुल जीतुवाला रेलवे फाटक सी-52 पर करीब 14 करोड़ की लागत से 600 मीटर लंबा आरओबी का काम जनवरी 2021 में शुरू हो जाएगा।
आठ मीटर चौड़ा, 600 मीटर लंबा होगा जीतुवाला आरओबी
फाटक सी-52 आरओबी की कुल लंबाई 600 मीटर होगी। कृष्णा कॉलोनी छोर पर रेलवे पुल की लंबाई 280 मीटर होगी वहीं जीतुवाला छोर पर पुल की लंबाई 320 मीटर निर्धारित की गई है। इसमें रेलवे विभाग का टॉप सेक्शन का निर्माण रेलवे कराएगा। जिसके डिजाइन को बीकानेर रेल मंडल से मंजूरी मिल चुकी है।
पेयजल, सीवर और बिजली लाइनें शिफ्ट करने की तैयारी
रेलवे पुल निर्माण से पहले जीतुवाला से दिनोद रोड रामबाग क्षेत्र तक सभी बिजली लाइनों को शिफ्ट किया जाएगा और यहां पर मुख्य पेयजल लाइन व सीवर लाइन को भी हटाया जाएगा। इसके लिए बीएंडआर विभाग ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से पत्राचार कर जल्द से जल्द लाइन शिफ्ट किए जाने के निर्देश दिए हैं।
वर्जन-
मुख्यालय से दिनोद रोड पर रेलवे फाटक सी-52 पर आरओबी निर्माण की डीएनआईटी को मंजूरी मिल चुकी है। सोमवार को पुल निर्माण कार्य के टेंडर लगाए जाएंगे। वर्क अलाटमेंट के बाद जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में पुल निर्माण के कार्य के शुरू होने की संभावना हैं। बिजली, सीवर, पेयजल लाइनें शिफ्ट किए जाने के संबंध में अधिकारियों को पत्र भेजे गए हैं।
विज्ञापन

- कृष्ण कुमार कार्यकारी अभियंता बीएंडआर विभाग
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें