भिवानी। रेलवे रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार सुबह नौ बजे रोहतक मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने छापा मारा। टीम के करीब चार 5 घंटे तक नगर परिषद रिकाॅर्ड खंगाला। इस दौरान नगर परिषद के 4 कर्मचारी गैर हाजिर मिले, जिन्हें नगर परिषद की तरफ से नोटिस थमाया गया है।
मुख्यमंत्री फ्लाइंग ने नगर परिषद कार्यालय में प्रॉपर्टी आईडी, सीएम विंडो, जनसंवाद और बिल्डिंग प्लान के तहत नक्शा की फाइलों से जुड़ा रिकॉर्ड भी खंगाला। इस दौरान नगर परिषद कार्यालय में लंबित फाइलों के ढेर लगे मिले। नगर परिषद भिवानी में प्रॉपर्टी आईडी की 917, सीएम विंडो की 289, जनसंवाद की 76, बिल्डिंग प्लान के तहत भवन निर्माण नक्शा की 703 फाइलें लंबित मिलीं। इसके बाद नप अधिकारियों को जल्द से जल्द इन मामलों को निपटाने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते में शामिल राजबीर सिंह, जिला गुप्तचर विभाग कार्यालय के इंचार्ज सुनील कुमार की टीम ने शुक्रवार सुबह सबसे पहले कर्मचारियों का हाजिरी रजिस्टर जांचा। इसके उपरांत चार कर्मचारी कार्यालय से गैरहाजिर मिले। वहीं, नप कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में सीएम फ्लाइंग ने लंबित शिकायतों के साथ आम जनता के कामों को लेकर रिकॉर्ड भी खंगाला। जांच के दौरान मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के सामने आया कि नप कार्यालय में प्राॅपर्टी आईडी से लेकर जनसंवाद, सीएम विंडो की शिकायतों पर काम नहीं हो रहा है।
पहले भी उजागर हो चुका भ्रष्टाचार, नहीं सुधर रही कार्य प्रणाली
भिवानी नगर परिषद कार्यालय में करोड़ों के घोटाले, घपले और भ्रष्टाचार के मामले उजागर हो चुके हैं, जिनकी जांच विजिलेंस और सीबीआई कर रही है। इसके बावजूद नप की कार्य प्रणाली में कुछ खास सुधार नहीं आया है। आम लोग अपने जरूरी कामों के लिए भटकते नजर आते हैं। जनसंवाद और सीएम विंडो में की गई शिकायतों पर भी नप अधिकारी कोई संज्ञान नहीं ले रहे हैं। नगर परिषद भिवानी में तैनात कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। नगर परिषद में आम जनता के काम नहीं होने पर मामले जनसंवाद, सीएम विंडो तक तो पहुंचे। अधिकारियों ने उन पर नप अधिकारियों को समाधान के भी आदेश दिए, लेकिन ये मामले फिर से नप कार्यालय की फाइलों में ही दबकर रह गए।
-
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने नगर परिषद कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति जांचने के साथ ही रिकॉर्ड खंगाला है। इस दौरान पीआईडी, भवन नक्शा, जनसंवाद व सीएम विंडो की शिकायतें लंबित मिलीं। इससे जुड़ा रिकॉर्ड भी मुहैया कराया गया है। वहीं, गैर हाजिर कर्मचारियों को नोटिस दिया गया है। कर्मचारियों को हिदायत दी है कि आमजन को कोई परेशान न आए। - राजाराम कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद भिवानी