भिवानी। शहर की न्यू भारतनगर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड का सर्विस चार्ज बंद कराने का झांसा देकर 2,72,744 रुपये ठगी का आरोप लगा है। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस थाना में दी है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में न्यू भारत नगर कॉलोनी निवासी दिनेश शर्मा ने बताया कि गत दस जुलाई को उसके फोन पर शाम छह बजे फोन आया। उसने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि उसके क्रेडिट कार्ड की मोटो सर्विस ऑन है। उसे बंद कर दीजिए नहीं तो 4,600 रुपये सर्विस चार्ज लगेगा। फिर उसने दूसरे नंबर से व्हाट्सएप पर एक एप की फाइल भेजी, जिसको उसने खोलकर उसमें क्रेडिट कार्ड की डिटेल भरी तो उसके क्रेडिट कार्ड से लगातार रुपये निकल गए।
उसके क्रेडिट कार्ड से 75,044 रुपये, 98,000, 96,000 और 3,700 रुपये की ट्रांजेक्शन हुई। इस तरह से उसके बैंक खाता से 2,72,744 रुपये की राशि धोखाधड़ी से निकाली गई। इस मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।