भिवानी। मौसम में बदलाव और दिवाली के बाद वायरल बुखार व पेट संक्रमण के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। शुक्रवार को नागरिक अस्पताल की ओपीडी में उल्टी-दस्त और बुखार के करीब 250 मरीज पहुंचे। दिवाली के बाद न केवल वायरल बुखार, बल्कि पेट में संक्रमण के मामलों में भी वृद्धि हुई है।
डॉक्टरों का कहना है कि हवा में बढ़ा प्रदूषण, त्योहारों के दौरान मिठाइयों की खराब गुणवत्ता, और अनियमित खानपान इसके प्रमुख कारण हैं। अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 1500 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या मौसमी बीमारियों से प्रभावित है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि लगभग 50 से अधिक मरीज प्रतिदिन पेट संक्रमण से ग्रस्त होकर अस्पताल आ रहे हैं। हालांकि, अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा फिलहाल ठप है, जिससे मरीजों को निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है।
मौसम में सुबह-शाम की ठंड और दिन में गर्मी की स्थिति ने भी लोगों की सेहत पर असर डाला है। चिकित्सा विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि पेट संक्रमण से बचने के लिए उबला हुआ पानी पिएं, दस्त होने पर ओआरएस का घोल लें और परेशानी बढ़ने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श करें।
ओपीडी में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीज ज्यादा आ रहे हैं। मरीजों के लिए पर्याप्त दवाओं और चिकित्सकों की व्यवस्था की गई है। मौसम बदलने के साथ बुखार पीड़ितों की संख्या बढ़ जाती है, इसलिए खून व अन्य जांचों के लिए लैब में भी सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। - – डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, भिवानी।