भिवानी। शहर के कोंट रोड स्थित शांतिनगर कॉलोनी की गली नंबर 6 निवासी एक गारमेंट्स व्यापारी ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मृतक के बेटे का आरोप है कि कुछ फाइनेंसर उनके पिता को परेशान कर रहे थे। मुंबई में फिल्म स्टूडियो बनवाने के नाम पर उनके 64 लाख रुपये हड़प लिए। 45 गज के मकान पर भी कब्जा कर लिया।
वह उनसे रुपये मांगत तो धमकी देते थे। इसी से परेशान होकर उसके पिता ने खुदकुशी कर ली। वहीं औद्योगिक पुलिस थाने की टीम ने शव को कब्जे में लिया और बुधवार सुबह शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
औद्योगिक पुलिस थाने को दी शिकायत में कोंट रोड शांति नगर की गली नंबर 6 निवासी मोहित ने बताया कि उनकी तनेजा गारमेंट्स के नाम से कोंट रोड पर दुकान है। उसके पिता अनिल कुमार दुकान पर बैठते थे। वह दो भाई व एक बहन हैं। उसके पिता अनिल कुमार गारमेंट्स की दुकान के साथ-साथ प्रॉपर्टी का काम भी करते थे। मोहित ने बताया कि उसके पिता अनिल का पड़ोस के ही सुरेंद्र, जोगिंद्र, राज रानी व विक्रम ठाकुर के साथ लेनदेन था। आरोपियों ने मुंबई में फिल्म स्टूडियो बनाने के नाम पर उनसे 64 लाख रुपये हड़प लिए। कोरोना संक्रमण काल के दौरान अनिल से रुपये हड़पे थे। वह जब भी रुपये वापस मांगते तो आरोपी उनसे उलझ जाते थे। अनिल ने मरने से पहले सुसाइड नोट भी छोड़ा है।
परिवार को जान से मारने की देने लगे धमकी
मोहित ने बताया कि जब उनके पिता ने आरोपियों पर रुपये देने के लिए दबाव बनाया तो उन्होंने उनके पिता को धमकी दी कि पूरे परिवार को जान से मार देंगे। इससे अनिल तनाव में रहने लगे। लगातार तनाव में रहने के कारण उनका स्वभाव भी खराब रहने लगा। सभी आरोपी पड़ोसी होने के कारण आते-जाते हुए मिलते थे और उसे धमकी देते थे। इसी तनाव में अनिल ने आत्महत्या कर ली।
निजी अस्पताल में ले गए थे परिजन
अनिल को फंदा लगाए जाने की सूचना जब परिजनों को मिली तो वे तुरंत उसे फंदे से उतारकर रोहतक रोड स्थित कदम अस्पताल में ले गए। अस्पताल में पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया और मामले की सूचना औद्योगिक थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल में पहुंची। नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया और शव वारिसों को सौंप दिया।
आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा
मृतक अनिल कुमार गारमेंट्स की दुकान के साथ-साथ प्रॉपर्टी का काम करता था। उसके बेटे मोहित की शिकायत पर आरोपी सुरेंद्र, जोगिंद्र, राजरानी व विक्रम ठाकुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
- रणबीर सिंह, एसएचओ, औद्योगिक पुलिस थाना भिवानी।
व्यापारी अनिल की मौत पर विलाप करते परिजन। संवाद- फोटो : Bhiwani