भिवानी। गांव कुसुंभी में एक ही रात में तीन मकानों के ताले तोड़ चोर सोने-चांदी के गहने और नकदी ले उड़े। वारदात की सूचना जूई कलां पुलिस थाना में दी गई। पुलिस की टीम ने मौका मुआयना किया और चोरों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम को बुलाया। पुलिस ने मकान मालिकों की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जूई कलां पुलिस थाना में दी शिकायत में गांव कुुसंभी निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। 26 अप्रैल की रात को घर के आंगन में उसकी लड़की व पत्नी सो रही थी, जबकि वह अपने प्लॉट के बाहर सो रहा था। उसका बेटा चौबारे में था। बुधवार सुबह जब उसकी पत्नी उठी तो सामान बिखरा मिला। चोर संदूक से तीन जोड़ी सोने की बालियां, चार जोड़ी चांदी की पाजेब, एक चांदी की अंगूठी, एक सोने की अंगूठी, एक सोने का पैंडिल, एक सोने की पतरी, चार चांदी के सिक्के, दो जोड़ी सोने के मंगलसूत्र और 40 हजार रुपये ले गए।
इसके अलावा उसके पड़ोसी धर्मबीर उर्फ कालिया के मकान से चोर एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने के बाले व 30 हजार रुपये ले गए। इसके बाद पड़ोस के ही ओमपाल के घर को निशाना बनाया। चोर यहां से एक सेाने की अंगूठी, एक सोने का मंगलसूत्र, दो घड़ी, दो चांदी की पाजेब, 12 हजार रुपये के नोटों की मालाएं चोरी कर ले गए। ग्रामीणों ने बताया कि चोरी की वारदात ने ग्रामीणों की नींद हराम कर दी है। जूई कलां पुलिस थाना प्रभारी विक्रांत ने बताया कि पुलिस ने सुरेश की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।