फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऑक्सीजन की कमी से न थमे सांस, सरकारी के साथ पांच निजी अस्पताल में होंगे प्लांट

विज्ञापन
इमरजेंसी ऑक्सीजन के लिए सामान्य अस्पताल में स्थित ऑक्सीजन प्लांट केंद्र।संवाद - फोटो : Bhiwani
विज्ञापन
भिवानी। कोरोना की आशंकित तीसरी लहर में जिले में ऑक्सीजन की कमी से किसी मरीज के सांस न थमे, इसके लिए प्रशासन पूरी तैयारी कर रहा है। इसके लिए सरकारी के अलावा पांच निजी अस्पतालों में भी ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जाएंगे। इस समय जिले में सिविल अस्पताल और एक निजी अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार है, तो वहीं, तोशाम में प्लांट का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। सिवानी में भी प्लांट का काम जारी है।
विज्ञापन

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने जिले में ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था करने की लिए विशेष रणनीति बनाई है। इसके तहत नागरिक अस्पताल सहित सभी उपमंडल अस्पताल और सीएचसी पर ऑक्सीजन की सुविधा करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही जिले के पांच निजी अस्पतालों को भी ऑक्सीजन प्लांट बनाने के लिए उपायुक्त ने निर्देश जारी किए हैं। उपायुक्त के निर्देश पर अमल करते हुए कदम मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में 125 लीटर प्रति मिनट की आपूर्ति का ऑक्सीजन प्लांट बना दिया है। तोशाम उपमंडल के अस्पताल में 350 लीटर प्रति मिनट का ऑक्सीजन प्लांट का 90 फीसदी कार्य हो गया है। सिवानी के अस्पताल में पाइप लाइन लगाने का काम हो गया है। इस प्लांट की क्षमता भी 350 लीटर प्रति मिनट की रहेगी।
इन निजी अस्पतालों में बनेंगे ऑक्सीजन प्लांट
कोविड के लिए अलॉट किए 50 बेड से अधिक बेड के निजी अस्पतालों में खुद का ऑक्सीजन प्लांट बनाना सुनिश्चित किया है। जिले में चुघ मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल भिवानी, जांगड़ा मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल भिवानी, जीवन रेखा मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल भिवानी, बाबा योगीनाथ अस्पताल लोहानी में ऑक्सीजन प्लांट लगाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम विभागीय कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं अस्पताल प्रशासन की माने तो दिसंबर और जनवरी तक प्लांट बनकर तैयार हो जाएंगे।
विज्ञापन

प्रत्येक सीएचसी में बनेगा ऑक्सीजन गैस मैनीफोल्ड
विभाग ने जिले के प्रत्येक सीएचसी पर ऑक्सीजन गैस मैनीफोल्ड बनाने शुरू कर दिए हैं। इनमें प्रत्येक सीएचसी में एक कमरा बनाया जाएगा, जहां से कोरोना आरक्षित वार्ड के बेड तक ऑक्सीजन पाइप लाइन बिछाई जाएगी। जिले में कैरू, लोहारू, मानेहरू, जमालपुर, बवानीखेड़ा, मीरान, तोशाम और सिवानी में ऑक्सीजन गैस मैनीफोल्ड बनेंगे।
नागरिक अस्पताल में 215 बेड पर लग चुके हैं फ्लो मीटर
नागरिक अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट से वार्डों में ऑक्सीजन सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछाई गई है। इसके माध्यम से आइसोलेशन और आईसीयू में ऑक्सीजन बेड तैयार किए हैं। अस्पताल में 215 बेड पर फ्लो मीटर लगाकर बेड तैयार किए हैं, जबकि अन्य बेड पर पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलिंडर की व्यवस्था की हुई है। इसके साथ ही अस्पताल में कोरोना संक्रमित बच्चों के लिए 35 बेड का नीकू आईसीयू तैयार किया है। इनमें 14 साल तक के बच्चों को एडमिट किया जाएगा।
जिला नागरिक अस्पताल, सामान्य अस्पताल तोशाम में ऑक्सीजन गैस मैनीफोल्ड का कार्य पूरा हो चुका है। जिले के उप स्वास्थ्य केंद्र और सीएचसी केंद्रों पर गैस मैनीफोल्ड का कार्य चल रहा है। इस माह में सभी जगह की पाइप लाइन का कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद पाइप लाइन की जांच करने के बाद स्वास्थ्य विभाग को संचालन ने लिए दिया जाएगा।
- सतेंद्र, जेई, पीडब्ल्यूडी विभाग, भिवानी।
वर्जन:
कोरोना की आशंकित तीसरी लहर और ओमिक्रॉन को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। जिले में ऑक्सीजन की कमी न हो इसके लिए नागरिक अस्पताल भिवानी, तोशाम और सिवानी में ऑक्सीजन प्लांट बनाए हैं। साथ ही उपायुक्त के निर्देशानुसार 50 बेड से अधिक वाले निजी अस्पतालों को भी ऑक्सीजन प्लांट बनाने के कहा गया है।
विज्ञापन

- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें