भिवानी। डीसी कॉलोनी में एक किशोर पांव फिसलने से छत से गिर गया। जिस कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई और किशोर ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने किशोर की मौत मामले में न कोई पुलिस कार्रवाई करवाई और न ही पोस्टमार्टम करवाया। मामला शुक्रवार देर रात का है।
प्रवासी मजदूर परिवार शहर की डीसी कॉलोनी में रहता है। बिहार के उक्त परिवार का 16 वर्षीय एक किशोर शुक्रवार रात अपने घर की छत पर बैठा था। अचानक ही उसका पांव फिसल गया, जिसके कारण वह नीचे गिर गया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने यहां किसी तरह की पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। इस संबंध में बीटीएम पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश ने बताया कि जिला सामान्य अस्पताल पुलिस चौकी से एक 16 वर्षीय युवक के छत से गिरकर मरने की सूचना मिली थी। मगर परिजन इस संबंध में पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही चिकित्सक को सूचित कर परिजन शव ले गए।