भिवानी के गांव ढाणी हरसुख में गोशाला के समीप सोमवार देर रात को बाइक सवार होमगार्ड में तैनात हवलदार का शव पुलिस को बरामद हुआ। उसके पास उसकी बाइक भी पड़ी थी जो आगे से क्षतिग्रस्त हो गई थी। पुलिस देर रात सड़क हादसे में मौत का अंदेशा मान रही है वहीं मंगलवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के भांजे की शिकायत पर सदर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से देर रात सड़क हादसे में मौत का अंदेशा
गांव गुजरानी निवासी 39 वर्षीय प्रदीप भिवानी के होमगार्ड कार्यालय में बतौर हवलदार तैनात था। रोजना की तरह ही प्रदीप अपनी बाइक पर वापस गांव लौट रहा था कि ढाणी हरसूख के समीप गोशाला के पास सड़क किनारे उसे बेसुध हालत में पड़ा देखा। जिसकी सूचना डॉयल 112 पर दी गई। डॉयल 112 की टीम ने देर रात साढ़े दस बजे मौके पर पहुंचकर प्रदीप को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भांजे रिंकू चौहान ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। 12 साल का बेटा और दस साल की एक बेटी है। प्रदीप तीन भाईयों में सबसे छोटा था। फिलहाल सदर पुलिस के जांच अधिकारी हवलदार सतीश कुमार ने मंगलवार सुबह नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे सड़क हादसा मान रही है। मृतक के भांजे रिंकू के बयान दर्ज कर पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। संवाद