भिवानी। गांव नीमड़ीवाली बस स्टैंड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया वहीं मामले की सूचना सदर पुलिस को दी।
गांव नीमड़ीवाली निवासी 45 वर्षीय प्रकाश ने बताया कि वह बाइक पर अपने भतीजे 20 वर्षीय विकास को पीछे बैठाकर रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे भिवानी से अपने गांव लौट रहा था। जब वह गांव के बस स्टैंड पर पहुंचा तो चरखी दादरी की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की स्वीफ्ट डिजायर गाड़ी ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में उसे गंभीर चोटें आई वहीं उसकी बाइक पर पीछे बैठा उसका भतीजा विकास हादसे में गंभीर चोटों की वजह से बेसुध हो गया। परिजन घायल विकास को नागरिक अस्पताल ला रहे थे, इसी दौरान बीच रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के बाद विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल प्रकाश को हादसे में काफी चोटें आई, उसे उपचार दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि विकास ने हाल ही में बारहवीं कक्षा पास की थी और वह दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई आकाश पढ़ता है। विकास का पिता विजय गांव में ही मेहनत मजदूरी का काम करता है। सदर पुलिस थाना इंचार्ज विद्यानंद ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसे शवगृह में रखवा दिया है। सोमवार को उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगाख् वहीं सड़क हादसे में घायल प्रकाश के बयान दर्ज कर इस संबंध में कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया जाएगा।