भिवानी। भीम स्टेडियम में जारी अंडर-11 और अंडर-14 आयु वर्ग की लड़कियों की दो दिवसीय स्कूली खेल प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। अंडर-14 आयु वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता में भिवानी की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि सत्यवान कोच, डॉ. अनिल कुमार, हॉकी कन्वीनर सुनील कुमार, खो-खो कन्वीनर अरविंद कौशिक, डीपीई जीतपाल शर्मा और संजय यादव पीटीआई मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय लिया और प्रतियोगिताओं की शुरुआत करवाई। शारीरिक शिक्षक विनोद पिंकू ने परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि अंडर-11 आयु वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में कैरू प्रथम और भिवानी द्वितीय रहा।
अंडर-11 आयु वर्ग की चैस प्रतियोगिता में अंशु, अरपिता, अनन्या, अवनी तंवर, कायरा तथा अंडर-14 आयु वर्ग में समीक्षा, नेहा शर्मा, सोनिया शर्मा, मानसी, ऐंजल विजेता रहीं।
अंडर-14 आयु वर्ग की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में मीनाक्षी, पायल, गौरवी सैनी, यस्वी यादव, मुस्कान, आशी, पूर्वी, पायल, दीपांशु, गीतांजलि, वन्या ग्रेवाल, हेरल शर्मा विजेता बने।अंडर-11 आयु वर्ग की जिम्नास्टिक स्पर्धा में प्रकृति, सीरत, नव्या, तृषा, सुहानी, महक, सोनम और अंडर-14 आयु वर्ग में दृष्टि, किरण, माही, अनुश्री, डिंपल, हिमानी का चयन जिला टीम के लिए हुआ।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र भारद्वाज की देखरेख में हुआ। आयोजन समिति में उप जिला शिक्षा अधिकारी शिवकुमार तंवर, खंड शिक्षा अधिकारी सिवनी डॉ. सुरेंद्र कुमार, प्राचार्य पवन शास्त्री स्टेट अवॉर्डी शामिल रहे।
समापन अवसर पर सत्यवान कोच ने कहा कि लड़कियों की स्कूली खेल प्रतियोगिताएं सिर्फ खेल नहीं बल्कि उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का मजबूत आधार हैं। खेलों में भागीदारी से आत्मविश्वास बढ़ता है और टीम वर्क व निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है, जो पढ़ाई और कॅरिअर में भी सफलता दिलाती है।