भिवानी। जिला बार एसोसिएशन पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गई है। वीरवार को चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब शुक्रवार को नाम वापस लिए जा सकेंगे। प्रधान पद के लिए चार और सचिव पद के लिए छह अधिवक्ताओं ने नामांकन दर्ज कराए हैं। वहीं उपप्रधान पद के लिए दो उम्मीदवार ही मैदान में रहेंगे।
इलेक्शन कमेटी के चेयरमैन निर्मल प्रकाश वर्मा और चुनाव अधिकारी विकास बुडानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया जारी है। प्रधान पद के लिए निवर्तमान बार प्रधान सत्यजीत पिलानिया, युधिष्ठिर, मनोज कुमार और श्याम प्रताप ने अपना नामांकन भरा है। उप प्रधान पद के लिए संजय सिंह और अनिल कुमार ने नामांकन भरा है। सबसे ज्यादा आवेदन सचिव पद के लिए आए हैं। इसमें छह उम्मीदवारों ने नामांकन भरा है। इनमें नरेंद्रपाल तंवर, राजेश यादव, जैमल सिंह, विजय दहिया, नरेंद्र कांटीवाल और संजय तंवर शामिल हैं। निर्मल प्रकाश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को नामांकन वापस लिया जा सकेगा और 17 दिसंबर को चुनाव होगा।