भिवानी। भिवानी-रेवाड़ी रेलमार्ग पर भिवानी रेलवे जंक्शन और मानहेरू स्टेशन के समीप ढाणा नरसाण के समीप मंगलवार रात को बीए फाइनल ईयर के छात्र ने रेल इंजन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। मामले की जानकारी राजकीय रेलवे पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक के शव को कब्जे में लिया और उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंची, जहां बुधवार सुबह उसका पोस्टमार्टम हुआ।
गांव ढाणा नरसाण निवासी 22 वर्षीय मंजीत ने मंगलवार रात को भिवानी-रेवाड़ी रेलमार्ग पर रेल इंजन के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। मृतक युवक के पिता विनोद कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा बीए फाइनल का छात्र था। वहीं राजकीय रेलवे पुलिस के जांच अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने मृतक युवक के पिता विनोद कुमार के बयान दर्ज कर बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत मामले की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया।