भिवानी शहर के निजी अस्पताल में डॉक्टर पर आरोप लगाते मृतक के परिजन। शहर के निजी अस्पताल में डॉक्
भिवानी। शहर के आदर्श महिला महाविद्यालय के समीप एक निजी नर्सिंग होम के बाथरूम में आर्मी के जवान ने दम तोड़ दिया। काफी देर तक जब आर्मी जवान बाहर नहीं आया तो दरवाजा तोड़ा गया। इसके बाद चिकित्सकों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं आर्मी जवान की निजी अस्पताल के बाथरूम में मौत के बाद परिजनों ने भी जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को शांत किया। वहीं लिखित में पुलिस को भी मृतक के परिजनों ने शिकायत दी।
गांव दिनोद निवासी रमेश यादव ने बताया कि उसका भतीजा विजय (28) आर्मी में नौकरी करता है फिलहाल उसकी पोस्टिंग देहरादुन में थी। गत 24 अप्रैल को ही विजय छुट्टी लेकर पारिवारिक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए आया हुआ था। सोमवार सुबह अचानक ही उसके सीने में दर्द हुआ तो परिजन उसे हांसी गेट आदर्श महिला महाविद्यालय के समीप एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां उसे दाखिल कर लिया गया।
रमेश यादव ने बताया कि उन्होंने चिकित्सक से पूछा था कि उसकी हालत कैसी है और उसे कहीं बड़े अस्पताल में दिखाना है तो वे उसे ले जाएंगे, मगर चिकित्सक ने उसका यहीं इलाज करने का भरोसा दिलाया था। उन्हें उससे मिलने नहीं दिया और बाहर निकाल दिया। विजय अस्पताल के बाथरूम में करीब 25 मिनट तक अंदर ही फंसा रहा। काफी देर बाद दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला तब तक वह तड़प-तड़पकर दम तोड़ चुका था। वहीं मृतक के परिजनों के हंगामे के बाद अस्पताल स्टाफ भी सहम उठा और परिजनों के आक्रामक तैवर देख इधर उधर चले गए। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस थाना से पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस ने मुश्किल से परिजनों को शांत किया और इस संबंध में लिखित शिकायत देने के लिए कहा। मृतक के परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
दो साल की बेटी का था पिता
मृतक आर्मी जवान विजय दो साल की एक बेटी का पिता था। उसकी मासूम बेटी के सिर से अचानक ही पिता का साया उठ गया। विजय अपने किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए 24 अप्रैल को ही देहरादून से छुट्टी लेकर गांव दिनोद में आया था। पहले उसे किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं थी।