भिवानी। सेकेंडरी, सीनियर सेकेंडरी परीक्षा शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए अराजकीय अस्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालयों से संबंधित आवेदन पत्र व शुल्क और एनरोलमेंट पंजीकरण आवेदन शुल्क सहित जमा करवाने की तिथि 9 से 15 जनवरी तक निर्धारित की गई है। यह जानकारी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड सचिव अजय कुमार चोपड़ा ने दी।
उन्होंने बताया कि शैक्षिक सत्र 2024-25 के लिए अराजकीय अस्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालय आवेदन पत्र 8,000 रुपये शुल्क के साथ 9 से 15 जनवरी तक जमा करवा सकते हैं। वहीं, 5,000 रुपये विलंब शुल्क सहित 16 से 20 जनवरी तक जमा करवा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के साथ वांछित दस्तावेज अपलोड करना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त अराजकीय अस्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालय परीक्षार्थियों के लिए एनरोलमेंट पंजीकरण की तिथियां भी निर्धारित कर दी हैं।
कक्षा नौवीं से बारहवीं हेतु हरियाणा राज्य के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित शुल्क 150 रुपये प्रति विद्यार्थी एवं अन्य राज्यों के प्रवासी विद्यार्थियों के लिए 200 रुपये प्रति विद्यार्थी के साथ 9 से 13 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि उपरांत 300 रुपये विलंब शुल्क के साथ 14 जनवरी से 16 जनवरी तक और 1,000 रुपये विलंब शुल्क सहित 17 जनवरी से 20 जनवरी तक एनरोलमेंट पंजीकरण शुल्क भरा जाना है। विद्यालय एनरोलमेंट पंजीकरण आवेदन के बाद 21 से 23 जनवरी तक ऑनलाइन शुद्धियां कर सकते हैं।
उन्होंने सभी अराजकीय अस्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के मुखियाओं को निर्देश देते हुए कहा कि आवेदन पत्र और एनरोलमेंट आवेदन ऑनलाइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक पर समय रहते करवाना सुनिश्चित करें। शुल्क एचडीएफसी बैंक द्वारा गेटवे पेमेंट के माध्यम से ऑनलाइन जमा करवाया जाना है। विद्यालय ऑनलाइन आवेदन करने से पूर्व बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध आवश्यक दिशा-निर्देश अवश्य पढ़ लें।
उन्होंने आगे बताया कि किसी भी प्रकार की तकनीकी कठिनाई के लिए बोर्ड कार्यालय की एनरोलमेंट शाखा के फोन नंबर 01664-254300, 254302 व 01664-244171 से 176 ईएक्सटी 111 व 110 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त एनरोलमेंट शाखा की ई-मेल आईडी asaffibseh.org.in, asenrbseh.org.in पर E-mail भी कर सकते हैं।