भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) परीक्षा सितंबर-2022 की कंपार्टमेंट/अतिरिक्त विषय, आंशिक व पूर्ण विषय अंक सुधार की परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र 18 अगस्त से बोर्ड की वेबसाइट पर लाइव किए जाएंगे। बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह एवं सचिव कृष्ण कुमार ने बताया कि सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी परीक्षा सितंबर-2022 के लिए एकमुश्त आवेदन शुल्क आठ सौ रुपये के साथ कंपार्टमेंट/अतिरिक्त विषय, आंशिक व पूर्ण विषय अंक सुधार से संबंधित परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने की तिथि बिना विलंब शुल्क 18 से 25 अगस्त तक निर्धारित की गई है। इसके पश्चात 100 रुपये विलंब शुल्क सहित 26 से 29 अगस्त तक, तीन सौ रुपये विलंब शुल्क सहित 30 अगस्त से दो सितंबर तक और एक हजार रुपये विलंब शुल्क सहित 03 से 06 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी परीक्षा के लिए आवेदन फार्म और शुल्क ऑनलाइन ही भरे जाने हैं। आवेदन फार्म व शुल्क जमा करवाने उपरांत केवल अतिरिक्त विषय के परीक्षार्थी ही आवेदन-पत्र व अन्य दस्तावेजों की हार्ड कॉपी सहायक सचिव (सेकेंडरी/सीनियर सेकेंडरी) हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के नाम भेजे। शेष परीक्षार्थी हार्ड कॉपी अपने पास सुरक्षित रखें।
सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी के समकक्ष मान्यता प्राप्त करने हेतु दो वर्षीय आईटीआई डिप्लोमा उत्तीर्ण करने वाले परीक्षार्थी अतिरिक्त विषय की परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में आने वाली समस्याओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 पर संपर्क किया जा सकता है।
---------
डीएलएड परीक्षा में पकड़े आठ नकलची
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित डीएलएड प्रवेश वर्ष-2019, 2020 की प्रथम वर्ष (री-अपीयर) एवं प्रवेश वर्ष-2021 के प्रथम वर्ष (नियमित) परीक्षा में बुधवार को आठ नकलची पकड़े गए। बुधवार को जिलेभर में बनाए 54 परीक्षा केंद्रों पर 11,740 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए।
बोर्ड अध्यक्ष प्रो. जगबीर सिंह ने बताया कि उनके स्वयं के एवं संयुक्त सचिव के उड़नदस्ते द्वारा संयुक्त रूप से जिला गुरुग्राम के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर पांच नकलची पकड़े। बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार के उड़नदस्ते ने जिला चरखी दादरी के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। बोर्ड अध्यक्ष के विशेष उड़नदस्तों ने नारनौल में दो केस दर्ज किए। जिला प्रश्नपत्र उड़नदस्ता कुरुक्षेत्र ने एक नकलची पकड़ा।