भिवानी-हांसी मार्ग पर जाटूलुहारी में सड़क पर जाम लगाने वालों को समझाते एसएचओ हरिओम। संवाद
- फोटो : Bhiwani
बवानीखेड़ा (भिवानी)। गांव जाटू लुहारी निवासी महिला की सड़क दुर्घटना में हुई मौत पर पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने मंगलवार को गांव के हांसी-भिवानी मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच करने की बात कही, तब जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला। करीब आधा घंटा लगे जाम से सड़क के दोनों किनारे वाहनों की लंबी लाइनें लग गई थी।
जाटू लोहारी निवासी बबीता चार दिन पहले सड़क दुर्घटना में चोटिल हुई थी। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज किया था। मंगलवार को पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने ग्रामीणों के साथ गांव के हांसी-भिवानी मार्ग पर रोड जाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि बबीता की सड़क दुर्घटना से घायल होने में मौत नहीं हुई थी। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने साजिश रचकर उसकी सड़क दुर्घटना दिखाई है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने बबीता की हत्या की। परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए जाटू लुहारी में जाम लगाया। जाम की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरिओम पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे पहुंचे और परिजनों से मामले की निष्पक्ष जांच करने की बात कही, तब जाकर परिजनों व ग्रामीणों ने जाम खोला। इस बारे में थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि मृतका के परिजनों से लिखित में शिकायत ले ली है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।जो भी दोषी पाया जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।