बहल (भिवानी)। चौ. बंसीलाल यूनिवर्सिटी की मेजबानी में कस्बे के बीआरसीएम शिक्षण संस्थान में 14 से 16 मार्च तक ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी महिला कुश्ती प्रतियोगिता सोमवार को शुरू होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरियाणा सहित दर्जन भर राज्यों से महिला पहलवान बीआरसीएम संस्थान में पहुंच चुकी हैं।
बीआरसीएम शिक्षण संस्थान निदेशक डॉ. एसके सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2018 के बाद यह दूसरा अवसर है, जब सीबीएलयू द्वारा बीआरसीएम संस्थान में कुश्ती की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में करीब 800 महिला पहलवानों के भाग लेने की उम्मीद है। रविवार तक हरयिाणा, राजस्थान, पंजाब, गुजरात, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश सहित अन्य प्रदेशों की करीब 400 पहलवान बीआरसीएम पहुंच चुकी हैं। देर रात तक सभी प्रतिभागी पहलवानों के पहुंच जाने की उम्मीद है। कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन विद्याग्राम परिसर में किया जाएगा।
डॉ. एसके सिन्हा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए दो मैट लगाए गए हैं। एक मैट विद्याग्राम के स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में, जबकि दूसरा ऑडिटोरियम के बाहर लगाया है। शुभारंभ समारोह ऑडिटोरियम के अंदर आयोजित होगा। ऑडिटोरियम के अंदर और बाहर दर्शकों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था की है। महिला पहलवानों के लिए विद्यालय के कल्पना चावला, प्रतिभा, प्रज्ञा, प्रेरणा सहित अन्य हॉस्टल्स में रहने की व्यवस्था की है। खेल के तकनीकी स्टाफ के लिए स्वास्तिक सदन में और प्रशिक्षकों व मैनेजर्स के लिए श्रुति सदन हॉस्टल में व्यवस्था की है।
दस भागों में बांटे भारवर्ग : डॉ. सुरेश मलिक
सीबीएलयू के खेल निदेशक डॉ. सुरेश मलिक ने बताया कि सीबीएलयू द्वारा राष्ट्रीय स्तर की पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता के बाद अब महिला कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। 14 मार्च से शुरू होने वाली प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पंजाब यूनिवर्सिटी की सीनियर प्रो. सुनीता श्रीवास्तव मुख्यातिथि होंगी, जबकि सोनीपत की सिटी मजिस्ट्रेट व कॉमनवेल्थ गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट डॉ. अनमोल विशिष्ट अतिथि होगी। इसके अलावा सीबीएलयू के वीसी प्रो. राजकुमार मित्तल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। सीबीएलयू की कुलसचिव ऋतु सिंह ने बताया कि बीआरसीएम शिक्षण संस्थान में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन अपने आप में अनूठा और रोमांचक होगा। खेल निदेशक डॉ. सुरेश मलिक ने बताया कि प्रतियोगिता को भाग वर्ग के अनुसार दस भागों में विभाजित किया गया है। इसमें 14 मार्च को 50, 55, 62, 72 किलोग्राम वाली महिला पहलवानों के मुकाबले होंगे। 15 मार्च को 53, 59, 65, 68 व 16 मार्च को 57 व 76 किलो भार वर्ग वाली महिला प्रतिभागी दमखम दिखाएंगी।