भिवानी। अग्र समाज में विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए बेहतर समन्वय और वैवाहिक संबंध स्थापित कराने के उद्देश्य से अग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ के गठन का निर्णय लिया गया है। कमला भवन धर्मशाला में बुधवार को आयोजित अग्र बंधुओं की विशेष बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज के अधिक से अधिक अविवाहित युवक-युवतियों के बायोडाटा एकत्रित किए जाएंगे तथा उनके परिवारों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किया जाएगा। साथ ही विवाह संस्कार को समय पर संपन्न कराने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि विवाह योग्य युवक-युवतियों के अभिभावकों से उचित एवं योग्य प्रस्तावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आग्रह किया जाएगा ताकि वैवाहिक संबंधों को सहज और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके। इस कार्य को व्यवस्थित और प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए अग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ का गठन किया जाएगा। यह प्रकोष्ठ विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिवारों के बीच सेतु का कार्य करेगा तथा वैवाहिक संबंध स्थापित कराने में सक्रिय सहयोग प्रदान करेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अग्रसेन विवाह प्रकोष्ठ का कार्यालय स्थानीय कमला भवन धर्मशाला, भिवानी में स्थापित किया जाएगा। इसका विधिवत संचालन एक जुलाई से प्रारंभ किया जाएगा। बैठक में विधायक घनश्याम दास सर्राफ, बृजलाल सर्राफ, विजय किशन अग्रवाल, सज्जन कुमार एडवोकेट, सुंदरलाल अग्रवाल, सुरेंद्र जैन एडवोकेट, रामदेव तायल और पवन गोयल मौजूद रहे।