गांव बीरण में अवैध कब्जों पर चलता पीला पंजा।
भिवानी। गांव बीरण की श्मशान भूमि पर 35 वर्षों पुराने कब्जे को बुधवार को जिला प्रशासन ने हटवा दिया। जिला प्रशासन की ओर से बीडीपीओ सोमबीर सिंह कादयान को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। इस दौरान बीडीपीओ सोमबीर सिंह कादियान व सरपंच सुल्तान सिंह के नेतृत्व में कब्जे हटवाने की कार्रवाई की गई।
इस दौरान उनके साथ ग्राम सचिव रोहतास सिंह, कानूनगो सुमेर सिंह, ब्लॉक पटवारी योगेश, हलका पटवारी संदीप सिंह, सरपंच सुल्तान सिंह भी मौजूद रहे। सरपंच सुल्तान सिंह ने बताया कि प्रशासन ने बुधवार को गांव में करीबन 35 वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जों को हटाकर एक बड़ा कदम उठाया।
सरपंच ने बताया कि अवैध कब्जा छुड़वाई गई जमीन पर जल्द ही श्मशान घाट की चहारदीवारी व सौंदर्यीकरण का काम ग्राम पंचायत बीरण करेगी। कोर्ट के आदेशों व उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद यह कार्रवाई की गई है। भविष्य में भी इस प्रकार की अतिक्रमण विरोधी मुहिम जारी रहेगी।