भिवानी के रेलवे स्टेशन पर बंद पड़ा बूथ।
भिवानी। रेलवे की ओर से शहर के मुख्य स्टेशन के बजाय ज्यादातर ट्रेनों का ठहराव सिटी स्टेशन पर किया गया है। इसके कारण स्टेशन पर यात्रियों के लिए खोली गई खाने के सामान की दुकानें बंद हो गई हैं। वहीं रेहड़ियों संचालकों ने पर्याप्त ग्राहक न मिलने के कारण स्टेशन के एक कोने में रेहड़ियों को लगा दिया है। इसके कारण करीब 50 लोगों का कामकाज ठप हो गया है।
दरअसल, रेलवे ने मेरठ-दिल्ली-शकूर बस्ती, साबरमति-रेवाड़ी, गोरखपुर रोहतक, बीकानेर-हिसार-रोहतक, हरिद्वार-रोहतक, अजमेर-रेवाड़ी-झज्जर-रोहतक ट्रेनों का ठहराव शहर के मुख्य स्टेशन के बजाय बाईपास सिटी स्टेशन पर किया गया है। वहीं ट्रेन संख्या 59632 रेवाड़ी से हिसार 18 मई, ट्रेन संख्या 59631 हिसार से रेवाड़ी को 19 मई, ट्रेन संख्या 14705 भिवानी से ढेहर का बालाजी, ट्रेन संख्या 14706 ढेहर का बालाजी से भिवानी को रद्द किया गया है।
इसके कारण स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बिल्कुल कम हो गई। यात्रियों की संख्या घटने से यहां पर यात्रियों के खाने का सामान बेचने वाली रेहड़िया व दुकानें बंद हो गई हैं। इसके कारण दुकानदारों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।