भिवानी। रोहतक रेंज की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ममता सिंह आईपीएस ने वीरवार को सदर थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने जांच अधिकारियों को विभिन्न केसों के निपटारे को लेकर निर्देश भी दिए। एडीजीपी ने भिवानी पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण किया, वहीं पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया।
वीरवार को रोहतक रेंज की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ममता सिंह हांसी रोड स्थित जिला पुलिस लाइन भिवानी पहुंचीं। जहां पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश यादव व अन्य पुलिस अधिकारियों ने स्वागत किया। पुलिस लाइन में एडीजीपी ने परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। यहां के बाद थाना सदर में एडीजीपी ने थाना भवन, तमाम रिकार्ड, सीसीटीएनएस एवं कंप्यूटर कक्ष का निरीक्षण किया। शिकायती एवं मालखाना रजिस्टर को भी जांचा। थाना के एमएचसी कक्ष के रिकॉर्ड और शस्त्रागार में रखें असलाह आदि की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में थाना प्रबंधक के कार्यालय सहित थाना के मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, वायरलेस कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। थाना में बनें हवालात का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए। वहीं थाना में बनी मैस का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जवानों को पौष्टिक खाना समय पर देने के निर्देश दिये। उन्होंने साफ-सफाई के भी निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेश यादव, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय वीरेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक लोहारू जगत सिंह मोर, उप पुलिस अधीक्षक सिवानी मनोज कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।