भिवानी। थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने बिना फॉर्म भरे रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को भिवानी से गिरफ्तार किया है।
नरेंद्र निवासी नाथुवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी सत्यनारायण व उसके अन्य साथियों ने मिलकर उसको बताया था कि 9 लाख रुपये में बिना फॉर्म भरे रेलवे में नौकरी लगवा देंगे। वहीं अलग-अलग समय पर मेडिकल फिटनेस व अन्य प्रोसेसिंग के नाम पर आरोपियों के द्वारा उससे कुल 8,89,000 रुपये ट्रांसफर करवाए गए थे। इसके बाद ना तो उसे रेलवे में नौकरी मिली और न ही उसके रुपये वापस नहीं दिए गए।
इसी मामले में कार्रवाई करते हुए थाना औद्योगिक क्षेत्र के उप निरीक्षक हितेंद्र कुमार ने रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में दूसरे आरोपी को भिवानी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप निवासी तिगड़ाना के रूप में हुई है। आरोपी प्रदीप शिकायतकर्ता व आरोपियों के बीच में नौकरी लगवाने में बिचौलिए का काम करता था।