भिवानी। सीआईए स्टाफ-द्वितीय भिवानी की टीम ने शुक्रवार को हेरोइन बेचने की फिराक में खड़े सेवा नगर निवासी शुभम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7.25 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन बरामद की है।
आरोपी के खिलाफ थाना शहर भिवानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सीआईए स्टाफ-द्वितीय भिवानी के एएसआई सुभाष चंद्र अपनी टीम के साथ गश्त एवं अपराध रोकथाम ड्यूटी के दौरान तोशाम बाईपास क्षेत्र में मौजूद थे।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति हनुमान मंदिर के सामने दिनोद रोड भिवानी पर मादक पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश देकर आरोपी शुभम से 7.25 ग्राम हेरोइन बरामद की।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पेशे से ट्रक चालक है और बरामद हेरोइन को बेचने के उद्देश्य से रोहतक से खरीदकर लाया था। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य व्यक्तियों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।