भिवानी। होटल कर्मचारियों से मारपीट और बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगाने के मामले में सीआईए-द्वितीय भिवानी ने बुधवार को आरोपी सर्वेश निवासी बामला को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे वीरवार को न्यायालय में पेश किया जहां से दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
प्रदीप निवासी गांव बामला की शिकायत पर थाना सदर भिवानी में अभियोग दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार 14 अक्तूबर 2025 की रात कुछ युवक होटल पर आए और कर्मचारियों से मारपीट की। इसके बाद होटल के बाहर खड़ी एक गाड़ी में आग लगाकर आरोपी मौके से भाग गए।
शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीआईए-द्वितीय के उपनिरीक्षक बलजीत ने आरोपी सर्वेश को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मामले में छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी से वारदात में उसकी भूमिका और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। न्यायालय से मिले दो दिन के पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ाएगी।