बहल। गांव सुरपुरा खुर्द में शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे 29 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी ने सास-ससुर, ननद, नंदोई और एक रिश्तेदार पर मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सुरपुरा खुर्द निवासी प्रमिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति सोनू सिहाग का परिवार के लोगों के साथ लंबे समय से जमीन-जायदाद को लेकर विवाद चल रहा था। इस कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। प्रमिला का आरोप है कि परिवार के लोग बार-बार उसके पति को जमीन नहीं देने की धमकी देते थे। परिवार की प्रताड़ना से तंग आकर ही उसके पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
उसने बताया कि घटना के समय वह अपने पीहर गांव कलाली गई हुई थी। घटना के बाद उसे और उसके परिवार को इसकी सूचना तक नहीं दी गई। प्रमिला ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से उसे और उसके तीन वर्षीय बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
मामले की सूचना मिलने पर बहल थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक सोनू सिहाग के शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहारू सीएचसी में रखवाया। बहल थाना प्रभारी संजय ने बताया कि प्रमिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।