बहल (भिवानी)। शहरयारपुर-देवराला रोड स्थित खेतों में शुक्रवार दोपहर थ्रेशर की चपेट में आने से मूल रूप से बिहार निवासी एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य मजदूर सहम गए। शुक्रवार दोपहर करीब पौने तीन बजे शहरयारपुर के पास खेतों में गेहूं निकालने का कार्य चल रहा था।
गांव ओबरा निवासी संजय के खेत में बिहार से आए मजदूर गेहूं निकालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान टेपरू मंडल निवासी पोठिया, जिला अररिया (बिहार) अचानक थ्रेसर की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि टेपरू मंडल को संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद खेत में मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत मशीन बंद कर अन्य लोगों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में हादसा कार्य के दौरान संतुलन बिगड़ने से होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को बुलाया गया है। उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।