भिवानी। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए गोवा में साहसिक और प्राकृतिक अध्ययन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस पांच दिवसीय शिविर में हिस्सा लेने के लिए भिवानी सिटी रेलवे स्टेशन से 28 विद्यार्थियों और अध्यापकों का दल रवाना हुआ। विद्यार्थी 20 अक्तूबर को वापसी करेंगे।
स्कूली शिक्षा विभाग समय-समय पर विद्यार्थियों को अन्य प्रदेशों के भूगोल, संस्कृति, साहसिक गतिविधियों और प्राकृतिक अध्ययन की जानकारी देने के लिए शैक्षणिक भ्रमण करवाता है। ऐसे पर्यटन से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समस्या-समाधान कौशल विकसित होते हैं। साथ ही यह उन्हें सुरक्षा नियमों का पालन करने, समूह में रहने और स्थानीय लोगों से प्रकृति एवं संस्कृति की जानकारी एकत्रित करने की प्रेरणा भी देता है।
इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों का पांच दिवसीय शिविर गोवा के लिए रवाना हुआ है। इस शिविर में विद्यार्थी तटीय क्षेत्र, प्राकृतिक पर्यावरण, संस्कृति और विरासत का अध्ययन करेंगे। शिविर के दौरान ट्रैकिंग, बाधा पार करना, प्रकृति भ्रमण, स्काउटिंग एवं गाइडिंग, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, लोक नृत्य और कैंप फायर जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिले से कुल 28 विद्यार्थियों का चयन किया गया है, जिसमें 10 छात्र और 18 छात्राएं शामिल हैं। इस दल के एस्कॉर्ट शिक्षक संजय कुमार पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लोहारू को शिविर का नोडल इंचार्ज नियुक्त किया गया है। उन्हें विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा और अनुशासन बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
14 से 18 अक्तूबर तक आयोजित होगा शिविर
विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक शिविर गोवा में 14 से 18 अक्तूबर तक आयोजित होगा। इसके अलावा यात्रा के अन्य दिन पहले और वापसी में शामिल होंगे। पांच दिवसीय शिविर विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक जानकारियों और अनुभव बढ़ाने में सहायक होगा। दल नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गोवा के लिए विशेष ट्रेन द्वारा प्रस्थान करेगा।
पांच दिवसीय गोवा शिविर के लिए रविवार को विद्यार्थियों का दल रवाना हुआ। इस शिविर में कुल 28 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। ऐसे पर्यटन से विद्यार्थियों को अन्य स्थानों की सांस्कृतिक और भौगोलिक जानकारियां प्राप्त होती हैं। -कमल शर्मा, जिला संयोजक