हनुमान ढाणी में एक मकान पर हुए झगड़े के दौरान लगी लोगों की भीड़ को हटाती पुलिस। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। हनुमान ढाणी स्थित एक घर के अंदर घुसकर दो बाइकों पर सवार होकर आए कुछ लोगों ने मारपीट कर दी। आरोपियों पर घर में तोड़फोड़ व पथराव करने का भी आरोप है। हमले में दो महिलाओं सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहीं हमले की सूचना डायल 112 पर पुलिस को दी गई। जैसे ही पुलिस पहुंची आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं पुलिस के जाने के बाद आरोपी फिर से आ गए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस संबंध में शहर थाना पुलिस ने तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हनुमान ढाणी निवासी आनंद व उसके बेटे कृष्ण कुमार ने बताया कि करीब 22 साल पहले बेटी की शादी शिव नगर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति से की गई थी। शादी के बाद दहेज को लेकर ससुराल वाले उसकी बेटी को तंग करने लगे जिसकी वजह से उसकी बेटी मानसिक संतुलन भी खो बैठी। उनका आरोप है कि बार बार बेटी को ससुराल वाले यहां छोड़कर चले जाते हैं। जबकि उनके साथ भी मारपीट पर उतर आते हैं। मंगलवार शाम को भी बेटी की ससुराल वालों ने उनके घर के अंदर घुसकर मारपीट की और तोड़फोड़ कर दी। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों पर पथराव भी किया। वहीं इस छीनाझपटी में बहू के गले से सोने की चेन भी टूटकर गिर गई। आनंद का कहना है कि उनके साथ मारपीट की सूचना डायल 112 पर दी गई थी। जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी पुलिस कर्मचारियों को धक्का देकर वहां से भाग गए। करीब आधे घंटे बाद फिर से लौटकर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने काम से लौट रहे उसके बेटे को भी रास्ते में घेर लिया और मारपीट की। हमले में परिवार के चार सदस्यों को चोटें आई हैं। जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। वहीं डायल 112 से मौके पर पहुंचे विजेंद्र सिंह ने बताया कि हनुमान ढाणी निवासी आनंद के परिवार ने कॉल की थी। जिसके तुरंत बाद मौके पर टीम पहुंच गई। टीम ने मौका मुआयना किया है और हालात देखने के बाद इसकी रिपोर्ट जैन पुलिस चौकी को दी गई है। शहर थाना पुलिस एसएचओ नरेंद्र राणा ने बताया कि आनंद के बेटे कृष्ण कुमार की शिकायत पर आरोपी अनिल, पंकज, संदीप व अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।