भिवानी। जिले में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण ने फिर दस्तक दे दी। भारत नगर कॉलोनी निवासी 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला कोरोना संक्रमित मिली है, जोकि कोरोना संक्रमित के संपर्क में आई थी। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम बुजुर्ग महिला के घर पहुंची। परिजनों ने उसे होम आइसोलेट किया है, क्योंकि कोरोना संक्रमित को अन्य कोई बीमारी नहीं है। इससे पहले जिले में संक्रमित मरीज एक दिसंबर को ठीक हुआ था। नौ दिन बाद फिर से नाया मरीज मिला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला के घर पर 30 नवंबर से तीन दिसंबर तक पंचकूला से कोई रिश्तेदार आया था। उनके रिश्तेदार की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई थी। ऐसे में संपर्क में आने से जब चार दिसंबर को बुजुर्ग महिला की कोरोना जांच करवाई तो उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई मगर फिर बाद में लक्षण होने पर परिजनों ने 9 दिसंबर को उनकी दोबारा से जांच करवाई। इसकी शुक्रवार कोरिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। हालांकि बुजुर्ग महिला फिलहाल शारीरिक रूप से स्वस्थ है। टीम ने उन्हें होम आइसोलेट किट और परिजनों को पीपीई किट उपलब्ध करवाई है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 1700 सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट शनिवार दोपहर तक आएगी।
वैक्सीन की दोनों डोज जरूर लगवाएं
बुजुर्ग महिला के कोरोना संक्रमित होने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर पर पहुंची। जहां परिजनों ने उसे होम आइसोलेट करने का ही आग्रह किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से होम आइसोलेट किट और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध करवाई जा चुकी है। आमजन से अपील है कि कोविड-19 सुरक्षा नियमों का पालन करें। समय पर वैक्सीन की दोनों डोज लगवाएं।
-डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।