भिवानी। एक महिला द्वारा खुद को भाजपा नेता बता हिसार वासी एक युवक से कंडक्टर की नौकरी लगवाने के नाम पर तीन लाख 10 हजार रुपये ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अब उसे जान से मारने की धमकी मिल रही है। आरोप है कि उक्त महिला प्राइवेट एकेडमी में कोचिंग देती है और बेरोजगार युवाओं को नौकरी के बहाने फंसाकर ठगी करती है। पुलिस ने शिकायत पर महिला और उसके पति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में हिसार जिले के गांव मंगाली वासी अजय कुमार ने बताया कि वह बेरोजगार है। भिवानी जिला वासी सोनू ने उसे बताया कि एक महिला शिक्षिका है जो भाजपा से जुड़ी है और प्राइवेट एकेडमी में पढ़ाती है। वह रुपये लेकर नौकरी लगवाती है। जिसके बाद दोस्त ने उसे बैंक कॉलोनी वासी महिला अन्नू वर्मा से मिलवाया। महिला ने हमें भाजपा नेताओं के साथ अपने फोटो भी दिखाए। जिस कारण उसके झांसे में आ गए। रोडवेज में कंडक्टर की नौकरी के बदले महिला ने उससे तीन लाख 10 हजार रुपये लिए। लेकिन नौकरी नहीं लगवाई। पूछने पर टाल-मटोल करने लगी। काफी समय बाद भी नौकरी नहीं मिलने और रुपये भी वापस नहीं मिलने पर उसने सीएम विंडो पर शिकायत दी। जिसके बाद महिला का फोन आया और कहा कि वे रुपये लौटा देगी। इसके बाद भी रुपये नहीं लौटाए। जिसके बाद उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर अन्नू वर्मा और उसके पति अमित वर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में एसएचओ शहर थाना बिक्रम सिंह ने बताया कि महिला और उसके पति अमित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।
सीएम विंडो की शिकायत का पुलिस ने कागजों में कर दिया निपटारा
शिकायतकर्ता अजय कुमार ने बताया कि जब उसने सीएम विंडो पर शिकायत दी तो सिविल लाइन थाना से उसके पास फोन आया था। जिसके बाद वह वहां पहुंचा। जहां कोरे कागज पर उसके हस्ताक्षर लिए गए थे और जल्द ही आरोपी महिला पर कार्रवाई की बात कही थी। लेकिन उन हस्ताक्षर के आधार पर उसकी सीएम विंडो की शिकायत बंद करवा दी गई और लिख दिया गया कि निपटारा हो गया।