भिवानी। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की डी ग्रेड भर्ती की परीक्षा के लिए परीक्षार्थी जान जोखिम में डालकर ट्रेनों और बसों की छत पर सवार होकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचे। जबकि रोडवेज प्रबंधन ने 14 विशेष बसें चलाई तो रेलवे ने दो ट्रेनें। उसके बावजूद भीड़ इतनी थी कि ये संसाधन कम पड़ गए। रविवार सुबह भी परीक्षार्थियों को परेशानी से जूझना पड़ सकता है।
ट्रेनों से गए करीब एक हजार परीक्षार्थी
सुबह साढ़े चार बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई ट्रेन में इतनी भीड़ थी कि खड़े होने तक की जगह नहीं थी। अनेक युवाओं ने तो जान जोखिम में डालकर छत पर ही बैठ गए। इस ट्रेन के बाद बीकानेर-हरिद्वार एक्सप्रेस भी गई। जिसमें भी खासी भीड़ रही।
बसों से गए करीब एक हजार से अधिक परीक्षार्थी
रोडवेज प्रबंधन ने परीक्षा के लिए बसों की विशेष व्यवस्था कर रखी थी। 20 बसों को रिजर्व रखा गया था। सुबह सवा चार बजे कैथल के लिए पहली बस रवाना हुई। चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई पहली बस में छत पर भी बैठने के लिए जगह नहीं थी। चंडीगढ़ के लिए नियमित बसों के अलावा चार अतिरिक्त बसें चलाई गई। इनके अलावा कैथल के लिए दो, फरीदाबाद के लिए तीन बसे चलाई गई। सभी बसें ओवरलोड चली। अनेक युवा खिड़कियों पर लटके हुए थे।
आज ये रहेगी व्यवस्था
रोडवेज प्रबंधक ने रविवार को भी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। रविवार को गुड़गांव के लिए तीन, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानी के लिए दो-दो अतिरिक्त बसें चलेंगी। इसके अलावा जिस रूट की ज्यादा सवारियां होंगी, वहीं के लिए रोडवेज बसें चलाई जाएंगी।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा के मद्देनजर 14 अतिरिक्त विशेष बसें चलाई गई है ताकि परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच सकें। सभी बसें ओवरलोड चली है। परीक्षार्थी बहुत ज्यादा थे। रविवार के लिए भी अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है।