भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय का आठवां युवा महोत्सव 22 से 24 अक्तूबर तक महिला महाविद्यालय झोझू कलां में आयोजित होगा। इसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध 25 से अधिक महाविद्यालयों के लगभग 600 विद्यार्थी भाग लेंगे और करीब 30 प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी के मार्गदर्शन में आयोजित महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, सांस्कृतिक प्रतिभा और युवा ऊर्जा को मंच प्रदान करना है। विश्वविद्यालय शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित कर रहा है।
महोत्सव की तैयारियां विश्वविद्यालय और मेजबान महाविद्यालय स्तर पर की जा रही हैं। महिला महाविद्यालय झोझू कलां के प्राचार्य डॉ. राज पाल प्राचार्य-सह-संयोजक और डॉ. मंजू सांगवान सह-संयोजक हैं।
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सुरेश कुमार मलिक और युवा कल्याण विभाग की निदेशक डॉ. सोनल शेखावत आयोजन के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. पूनम आयोजन सचिव के रूप में सहयोग कर रही हैं।