भिवानी। जसिया (रोहतक) में जाट रैली और जींद में सांसद राजकुमार सैनी की जनसभा के दृष्टिगत किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस अमला चौकन्ना रहा। शहर और जिलेभर में लगाए गए 20 नाकों पर वाहनों की जांच की। शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर भी पुलिस के जवान तैनात रहे। जिले में कहीं कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
रविवार सुबह भोंडसी पुलिस ट्रेनिंग के जवानों की दो कंपनियों और जिला पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाला। आठ नियमित और 12 स्पेशल नाकों के अलावा शहर के सभी मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस मुस्तैद रही। शहर के बाहर जाने वाले नाकों पर आने व जाने वाले वाहनों की जांच की गई। पुलिस शाम छह बजे तक तैनात रही। जसिया और जींद रैली खत्म होने के बाद शाम करीब सात बजे इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई। डीएसपी चंद्रपाल बिश्नोई ने बताया कि आज पुलिस बल हाई अलर्ट रहा और जिले में सौ फीसदी शांति रही। जिला पुलिस के साथ-साथ भोंडसी पुलिस ट्रेनिंग सेंटर से आए 128 जवानों की तैनाती रही।
जसिया व जींद में रैलियों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट दिखाई दिया। तोशाम में सुरेंद्र सिंह चौक, बंसीलाल चौक, हांसी चूंगी, अग्रसैन चौक आदि स्थानों पर पुलिस की तैनाती रही। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस पैनी नजर बनाए रही।