भिवानी। स्थानीय घंटाघर स्थित बैंक आफ इंडिया की ब्रांच में पैसे जमा कराने आई एक महिला की नकदी और बैंक पासबुक चोरी हो गई। मामले की शिकायत सिटी पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में नकदी चोरी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।
सिटी पुलिस को दी शिकायत में गांव सारंगपुर निवासी राजबाला ने बताया कि वह वीरवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अपने खाते में 35 हजार रुपये की नकदी जमा कराने बैंक आफ इंडिया की शाखा में गई थी। इस दौरान उसने एक अनजान व्यक्ति से पैसे जमा कराने के लिए फॉर्म भरने में मदद मांगी थी। उस व्यक्ति ने फॉर्म भरने के बहाने उसके 35 हजार रुपये की नकदी और बैंक पासबुक चोरी कर ली और फिर भाग गया। पैसे चोरी की सूचना बैंक अधिकारियों को दी। जिसके बाद महिला ने मामले की शिकायत सिटी पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नकदी चोरी का केस दर्ज कर बैंक शाखा के अंदर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस चोर का सुराग लगाने में जुटी है।