भिवानी। भिवानी-दादरी मुख्य मार्ग पर गांव प्रह्लादगढ़ ओवरब्रिज के समीप हुए सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज हुआ है। 7 सितंबर की दोपहर करीब सवा दो बजे हुआ था। इस मामले की शिकायत अब कार चालक ने सदर थाना पुलिस को दी।
पुलिस को दी शिकायत में गांव फतेहगढ़ निवासी 19 वर्षीय अंकित ने बताया कि वह अपनी मां गीता देवी और मौसी कुसुम शर्मा और मंजू शर्मा के साथ गाड़ी में महेंद्रगढ़ अपने रिश्तेदारी से भिवानी आए हुए थे। रिश्तेदारी से गाड़ी में वापस अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गांव प्रह्लादगढ़ के समीप ओवरब्रिज से नीचे उतर रहे थे तो हरियाणा रोडवेज की बस ओवरब्रिज के नीचे सर्विस रोड से होते हुए हाईवे पर आई। चालक लापरवाही से बस चला रहा था, जिस वजह से बस के पीछे कार की टक्कर हो गई। बस से टकराने के बाद कार खाई में जा गिरी। इस वजह से बस में सवार उसकी मां गीता को गंभीर चोटें आईं। उसकी दोनों मौसी भी घायल हो गईं। नागरिक अस्पताल से उसकी मां गीता को गंभीर चोटों की वजह से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। अब इस मामले में कार चालक युवक ने शिकायत सदर पुलिस को दी। सदर पुलिस थाने के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में रोडवेज बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और सड़क हादसा करने का केस दर्ज किया है।