जिले में 2590 लोगों को एचआईवी संक्रमण की टेंशन मिली हैं, लेकिन महज 350 मरीज ही स्वास्थ्य विभाग से पेंशन ले रहे हैं। सबसे अहम 2018 से अब तक स्वास्थ्य विभाग 26 एचआईवी संक्रमित महिलाओं की सुरक्षित डिलिवरी भी करा चुका है। इनके बच्चों में एचआईवी संक्रमण के कोई लक्षण नहीं मिले हैं।
हर रोज स्वास्थ्य विभाग 100 लोगों के एचआईवी टेस्ट करा रहा हैं, जिनमें से हर माह 15 से 20 एचआईवी संक्रमित मिल रहे हैं। पिछले दस सालों में एचआईवी के प्रति जितनी लोगों में जागरूकता बढ़ी है। उससे कहीं अधिक एचआईवी का संक्रमण का मकड़जाल भी फैला है, जिसके अंदर 20 से 50 साल की उम्र दराज लोग ज्यादातर फंसे हैं।
भिवानी जिले की कुल आबादी करीब 16 लाख से अधिक है। इस आबादी में 2590 एचआईवी संक्रमित हैं, जो हम सबके बीच हैं। लेकिन इनका संक्रमण दूसरे लोगों के लिए बड़ा खतरा है। स्वास्थ्य विभाग अब तक 2590 एचआईवी संक्रमितों की पहचान कर चुका है। इनका अलग-अलग स्टेज का इलाज चल रहा है। इनमें नियमित इलाज कराने वाले एक लाख 80 हजार से कम सालाना आमदनी वाले 350 एचआईवी संक्रमित तो स्वास्थ्य विभाग से हर माह 2250 रुपये की पेंशन भी पा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के सामने हर माह 15 से 20 एचआईवी संक्रमितों का सामने आना बेहद चिंताजनक आंकड़ा होता जा रहा है। इसी को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अब जागरूकता और सतर्कता दोनों बढ़ाने की दिशा में कदम उठाने जा रहा है। क्योंकि एचआईवी संक्रमण के दायरे में सबसे अधिक युवा आ रहे हैं। संवाद
काउंसिलिंग में भी संक्रमितों से कर रहा स्वास्थ्य विभाग डाटा तैयार
स्वास्थ्य विभाग काउंसिलिंग के जरिये भी एचआईवी संक्रमितों का डाटा तैयार कर रहा है। इसमें यह भी पहचान की जा रही है कि किस तरह से एचआईवी का संक्रमण अब लगातार बढ़ रहा है। इसमें ज्यादातर तो असुरक्षित यौन संबंध ही हैं, मगर संक्रमित सिरिंज, खून के जरिये भी एचआईवी एक से दूसरे तक पहुंच रहा है। इस आंकड़े के आधार पर स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर जागरूकता बढ़ाने और लोगों को इससे बचाव के तौर तरीकों के बारे में समझाने की रणनीति भी काम कर रहा है।
ये है 2010 से अब तक एचआईवी संक्रमितों की स्थिति
साल- सामान्य जांच- री एक्टिव केस- एएनसी टेस्टिड - पॉजिटिव
2010- 9390- 312- 8073- 03
2011- 11662- 117- 9996- 16
2012- 27996- 146- 4208- 04
2013- 23180- 90- 15084- 15
2014- 29874- 99- 19669- 18
2015- 24164- 98- 17740- 07
2016- 32693- 103- 23679- 15
2017- 33959- 96- 25561- 15
2018-19- 57476- 174- 27014- 23
2019-20- 44443- 152- 19063- 17
2020-21- 37466- 191- 37689- 28
2021-22- 49106- 161- 27379- 15
2022-23- 75155- 191- 37629- 15
अप्रैल से अक्तूबर- 29570- 101- 17131- 18
भिवानी जिले में एचआईवी संक्रमित करीब 2590 हैं। ये संख्या लगातार बढ़ रही है। करीब 350 संक्रमितों को तो स्वास्थ्य विभाग हर माह 2250 रुपये पेंशन भी दे रहा है। 2018 से अब तक 26 एचआईवी संक्रमित महिलाओं की गर्भावस्था के दौरान एआरटी खिलाकर सुरक्षित डिलिवरी कराई है, जिनके पैदा हुए बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य विभाग एचआईवी संक्रमण की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता के साथ संक्रमितों का नियमित इलाज कराकर इस पर काबू पाने का प्रयास कर रहा है।
- डॉ. रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, भिवानी।