भिवानी। एक व्यक्ति का डेबिट कार्ड बदलकर धोखाधड़ी से उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाले गए। पीड़ित व्यक्ति ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
विद्यानगर निवासी कप्तान महाबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह महम रोड होंडा एजेंसी के पास एक एटीएम से पैसे निकालने गया था। उसके पीछे एक युवक खड़ा था। उसने कहा कि अंकल पहले मुझे पैसे निकालने दो, मुझे जल्दी है। इतना कहते ही उसने मशीन में लगाया डेबिट कार्ड निकाल उसे दे दिया। इसके बाद वह दूसरे एटीएम में पैसे निकालने गया तो डेबिट कार्ड का कोड गलत बताने लगा। जब उसने ध्यान से देखा तो उसके हाथ में कोई दूसरा डेबिट कार्ड था। इसके बाद आरोपी ने रोहतक गेट के एक एटीएम से उसके बैंक खाते से 25 हजार रुपये निकाल ली। पीड़ित ने पहले बैंक पहुंचकर अपना डेबिट कार्ड बंद कराया और फिर मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।