भिवानी। एक दिन की राहत के बाद बुधवार को एक बार फिर कोरोना संक्रमण के 21 मामले सामने आए हैं। इनमें 11 तो बीटीएम क्षेत्र की कॉलोनियों से ही हैं। वहीं दो बैंककर्मियों, एक केबल ऑपरेटर जबकि तीन पॉजिटिव ग्रामीण क्षेत्र से हैं। वहीं जिले में एक संक्रमित डॉक्टर समेत 10 लोगों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा 459 तक पहुंच गया हैं। इनमें एक्टिव केस 270 हैं। वहीं 186 मरीज ठीक हो चुके हैं।
भिवानी में मंगलवार को महज दो कोरोना पॉजिटिव सामने आए थे और 42 ठीक हुए थे। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली थी। खासकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और स्टाफ ने। मगर बुधवार को एक साथ 21 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव रही। पॉजिटिव आए मरीजों में गांव कितलाना, जैन चौक, छोटी गुगामेड़ी हांसी गेट, विकास नगर से एक-एक, बीटीएम लाइन से पांच, राजश्री कॉलोनी, गांव नाथूवास से एक-एक, गांव खापड़वास से एक, जागृति कॉलोनी से दो, रूद्रा कॉलोनी से तीन कोरोना पॉजिटिव है। इसके अलावा शहर में दो और जगह कोरोना रोगी मिले हैें। मिल कॉलोनी क्षेत्र क्षेत्र से 180 के करीब संक्रमित सामने आ चुके हैं। बुधवार को दो सौ सैंपल जांच के लिए पीजीआई रोहतक भेजे हैं।
धारुहेड़ा में नौकरी करने वाला मिला संक्रमित : गांव कितलाना से 24 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह धारूहेड़ा में एक प्राइवेट कंपनी में कार्य करता है और एक सप्ताह पहले दिल्ली भी गया था।
केबल ऑपरेटर मिला पॉजिटिव : जैन चौक में 38 वर्षीय केबल ऑपरेटर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह पहले से पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में आया था।
दुकानदार संचालक पॉजिटिव : छोटी गुगामेड़ी हांसी गेट से 27 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह दिल्ली में सर्जरी का सामान बेचता है। 29 जून को वह भिवानी आया था।
बैंककर्मी मिला पॉजिटिव : विकास नगर से 25 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक्सिस बैंक में कार्य करता है। पब्लिक डिलिंग होने की वजह से यह किसी कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आया है।
बीटीएम लाइन से पांच पॉजिटिव : बीटीएम लाइन क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा करीब 200 तक पहुंचने वाला है। बुधवार को 38 वर्षीय, 47 वर्षीय व्यक्ति, 25 वर्षीय युवक, 23 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये सभी पहले से पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में थे।
मां-बेटी मिले पॉजिटिव : राजश्री कॉलोनी से 29 वर्षीय महिला और उसकी दो साल की बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला का पति पहले ही कोरोना संक्रमित है।
आंगनबाड़ी वर्कर मिली पॉजिटिव : गांव खापड़वास से 52 वर्षीय महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला आंगनबाड़ी वर्कर है और सीडीपीओ कार्यालय कैरू में 29 जून को आई।
सेल्स ऑफिसर संक्रमित : गांव नाथूवास से 22 वर्षीय युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह एचडीएफसी बैंक में सेल्स ऑफिसर है। वह एमआरएम एजेंसी और बजाज एजेंसी में गया था।
आयुर्वेदिक औषधारक पॉजिटिव : गांव झरवाई से 40 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जो कि आयुर्वेदिक औषधाकारक के पद पर सीएचसी कैरू में कार्यरत है। वह अब लोहानी में कार्य कर रहा है।
- जागकृति कॉलोनी में दो महिलाएं संक्रमित : जागृति कालोनी से 35 वर्षीय और 28 वर्षीय दो महिलाओं की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये पहले से पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में आई थी।
- रूद्रा कॉलोनी में तीन मरीज मिले : रूद्रा कॉलोनी में 18 और 20 वर्षीय युवतियों, 76 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह पहले से पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में आए थे।
जिले में कोरोना पॉजिटिव सामने आ रहे है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सावधानी रखें। अब जिले में 459 कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें 270 एक्टिव केस हैं। 186 ठीक हो चुके हैं। लोगों को मास्क लगाकर ही बाहर निकलना चाहिए और सामुदायिक दूरी बनाकर ही इससे बचा जा सकता है। - डॉ. जितेंद्र कादयान, सिविल सर्जन