प्रदीप ने बनाया सबसे बेहतर पोस्टर
बहल । राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को खंड स्तरीय पोस्टर मेकिंग एवं क्विज कंपीटीशन का आयोजन किया गया। पोस्टर मेकिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र प्रदीप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्विज में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिधनोई की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में कन्या विद्यालय बहल की टीम ने दूसरा तथा राजकीय विद्यालय बहल की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्णकुमार यादव ने किया। प्रतियोगिता में खंड के सीनियर, उच्च एवं मिडिल स्तर के 15 विद्यालयों के करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण सुरक्षा, नो स्मोकिंग, पॉलिथीन के प्रयोग से नुकसान एवं जल संरक्षण का संदेश देेते हुए पोस्टर बनाए। वहीं, क्विज कंपीटीशन में टीमों ने अपने ज्ञान और कौशल से एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में रहे।
पोस्टर मेकिंग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का छात्र प्रदीप प्रथम, राजकीय उच्च विद्यालय पाजू की निशा द्वितीय तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की मोनिका तृतीय स्थान पर रही। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मानव शृंखला बनाकर पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य कृष्णकुमार यादव ने विद्यार्थियों से पर्यावरण एवं जल संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विज्ञान अध्यापक अजीत गाढ़ा, भरत सिंह प्रवक्ता, सरोज, कला अध्यापिका सुधा यादव, प्रवक्ता सविता आदि मौजूद रहे।