लाइन में बार-बार फाल्ट होने से परेशान ग्रागीणों ने बिजलीघर जड़ा ताला
बहल। बहल से गांव पाजू तक डाली गई बिजली लाइन में हो रहे फाल्ट से परेशान ग्रामीणों ने बिजली घर को ताला जड़ दिया तथा धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर निगम के एसडीओ तथा एसएचओ ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बात की। ग्रामीणों ने एसडीओ के आश्वासन पर धरना खत्म किया।
उल्लेखनीय है कि बहल 132 केवी बिजली घर से पाजू 33 केवी सब स्टेशन तक नई लाइन डाली गई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब से लाइन डाली गई है तब वे बिजली व्यवस्था को लेकर परेशान है। खासकर सर्दी के मौसम में लाइन में डिस्क बार-बार पंचर हो रही है तथा डिस्क में पानी जाने से फाल्ट हो जाता है। ग्रामीणों ने बिजली निगम के कर्मचारियों पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया तथा कहा कि जब भी लाइन ट्रिप करती है तो कर्मचारी इसकी सूचना बहल तक नहीं पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि एक बार ट्रिप हुई लाइन फिर लंबे समय तक बहाल नहीं हो पाती है। ग्रामीणों ने कहा कि बार-बार लाइन ट्रिप करने से फसलों की सिंचाई में परेशानी होती है वहीं घरेलू कामकाज में भी दिक्कत आती है। उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों से फरियाद की है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। धरने की जानकारी पर बहल एसएचओ सुखबीर जाखड़ तथा एसडीओ सतीश चोपड़ा मौके पर पहुंचे। एसडीओ ने ग्रामीणों की समस्या सुनकर उनको शीघ्र ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। इस अवसर पर किरोड़ी, रमेश, ओमप्रकाश नंबरदार, सतबीर सिंह, विनोद, धर्मबीर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।