मिरान से सिवानी मार्ग पर बदमाशों द्वारा तोड़ा गया गाड़ी का शीशा। संवाद
- फोटो : Bhiwani
तोशाम (भिवानी)। मिरान से सिवानी की तरफ गांव के नजदीक नहर के पास एक बिना नंबर की बोलरो गाड़ी में तीन युवकों ने हथियार के बल पर तीन पिकअप गाड़ी चालकों से 20 हजार रुपये छीन लिए। एक गाड़ी में काफी तोड़फोड़ की। पीड़ित चालकों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है।
राजस्थान के भादरा जिला निवासी महेंद्र ने बताया कि वीरवार सुबह करीब तीन बजे राजस्थान से लकड़ियां भरकर तोशाम जा रहे थे। वे सिवानी मार्ग पर मिरान के पास पहुंचे तो मिरान की तरफ से एक बोलेरो गाड़ी आई, जिसमें तीन युवक सवार थे। महेंद्र ने बताया कि गाड़ी बिना नंबर की थी व हमारी गाड़ियों के आगे लगाकर खड़ी कर दी। महेंद्र ने बताया कि उसे पीटा व पांच हजार रुपये, सोनू की गाड़ी का शीशा तोड़ उसके साथ पीटा और 15 हजार रुपये छीन कर ले गए। महेंद्र ने बताया कि बदमाश पिस्तौल व कुल्हाड़ी लिए हुए थे। महेंद्र ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। तोशाम पुलिस थाने के कार्यवाहक प्रभारी प्रेमसिंह ने बताया कि पीड़ित चालक की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ अवैध हथियार अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।