भिवानी। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर में आए दिन संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को कोरोना के 168 नए मरीज सामने आए हैं, वहीं 31 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले में तीसरी लहर में मिले संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 2514 हो गया है। हालांकि इनमें से 1196 मरीज स्वस्थ और पांच की मौत हो चुकी है। जिलेभर में कोराना संक्रमण के फिलहाल 1313 सक्रिय मरीज हैं। शुक्रवार को कोरोना की जांच के लिए 1650 सैंपल लैब में भेजे गए हैं, जिनकी रिपोर्ट शनिवार सुबह तक आएगी।
ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ रहा संक्रमण
जिले में कोरोना संक्रमण की दस्तक के दौरान सबसे अधिक शहरी क्षेत्र में अधिक मरीज मिले थे। मगर पिछले कुछ दिनों से ग्रामीण क्षेत्र में लगातार ही संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। फिलहाल शहरी क्षेत्र में कोरोना संक्रमित 505 मरीज हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 808 मरीज है। ऐसे में दोनों क्षेत्रों में तुलना करे तो ग्रामीण क्षेत्र में 303 अधिक मरीज है। इन दिनों कोरोना के साथ ही वायरल बुखार भी ग्रामीण क्षेत्र में अधिक बढ़ी हुई है, जिससे चपेट में अधिकतर घरों में वायरल बुखार की मरीज हैं।
27 मरीज को किया अस्पताल में दाखिल
जिले में कोरोना संक्रमित 1286 को घर पर आइसोलेट किया है, जबकि 27 को अस्पताल में दाखिल किया है। इनमें से एक मरीज जिला कारावास, एक को योगीनाथ लोहानी, सात को ईएसआई अस्पताल, छह को चुघ अस्पताल, एक को कदम अस्पताल, पांच को हिसार, दो को दिल्ली और चार को नागरिक अस्पताल में दाखिल किया है।
सीएचसी अनुसार संक्रमितों की जानकारी
सीएचसी संक्रमित
धनाना 142
कैरू 129
लोहारू 65
मानेहरू 124
मीरान 128
तोशाम 115
जमालपुर 105
जिले में 2106 लाभार्थियों को लगाई वैक्सीन
भिवानी। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को नागरिक अस्पताल सहित 143 स्थायी केंद्रों पर टीकाकरण शिविर का आयोजन किया। जिलेभर में 2106 लाभार्थियों को वैक्सीन की डोज लगाई। इनमें स्वास्थ्यकर्मियों को 14, फ्रंट लाइन वर्कर को छह, 15 से 17 आयुवर्ग के किशोरों को 258 डोज, 18 से 44 आयुवर्ग के लाभार्थियों को 1102 डोज, 45 से 60 आयुवर्ग के लाभार्थियों को 313 डोज और 60 साल से अधिक आयु के बुजुर्गों को 413 डोज लगाई है। शुक्रवार को 1232 लाभार्थियों को पहली और दूसरी डोज लगाई है, जबकि 874 को बूस्टर डोज लगाई है। जिले में 840842 लाभार्थियों में से 844738 को पहली और 728850 को दूसरी डोज लगाई है।
वर्जन::
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर लगातार ही बढ़ रही है। ऐसे में आमजन से अपील है कि कोरोना सुरक्षा नियमों का पालन करें और वैक्सीन के लाभार्थी नजदीक टीकाकरण शिविर में वैक्सीन की डोज जरूर लगवाएं ले।
- डॉ. कृष्ण कुमार, कार्यवाहक सिविल सर्जन।