भिवानी। निजी स्कूलों द्वारा नियम 134-ए के तहत दाखिला के लिए मना करने की वजह से 170 विद्यार्थियों में संशय बरकरार है। विभाग ने इन स्कूलों पर कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है, जिसे सोमवार से शुरू होने की उम्मीद है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से फिर से निजी स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किया जाएगा और मगर सकारात्मक जवाब नहीं आता है तो उक्त विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि जिले के कुल 2184 बच्चों ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम 134-ए के तहत परीक्षा पास की थी। विभाग द्वारा सभी छात्रों को स्कूल अलॉट किए गए थे। इनमें से 1256 बच्चों का दाखिला हो चुका है, जबकि 758 बच्चों का आवेदन रद्द हो गया। इसके अलावा जिले में 170 विद्यार्थी ऐसे भी हैं, जिनके फार्म में गलती भी नहीं थी और वो दाखिला भी लेना चाहते थे। मगर निजी स्कूलों ने किसी ने किसी बहाने से अड़ंगा लगाकर उनको दाखिला नहीं दिया। इस इन बच्चों के एक साल पर तलवार लटक गई है।
निजी स्कूल एसोसिएशन करेगी शिक्षा मंत्री से मुलाकात
निजी स्कूल संचालकों की एसोसिएशन ने कहा है कि वह मंगलवार तक प्रदेश के शिक्षामंत्री से मुलाकात करेगी। शिक्षा मंत्री से होने वाली बातचीत के आधार पर ही इस बात का फैसला लिया जाएगा कि बच्चों का दाखिला दिया जाएगा या नहीं। मगर इस बात का अब कोई औचित्य नहीं बचा है, क्योंकि दाखिले होने का समय बीत चुका है।
जिलेभर में 170 विद्यार्थियों का पात्र होते हुए भी निजी स्कूलों ने दाखिला नहीं किया है। इस संबंध में विभाग द्वारा जांच की जा रही है। सोमवार को फिर से खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से निजी स्कूलों को नोटिस जारी किया जाएगा। अगर स्कूलों की कमी से विद्यार्थी दाखिले से वंचित रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- रामअवतार शर्मा, डीईईओ, भिवानी।