बीडीपीओ कार्यालय में लगे समाधान शिविर में लोगों की शिकायतें सुनते बीडीपीओ सोमबीर कादयान।
भिवानी। उपायुक्त महावीर कौशिक ने कहा कि जिले के अंतर्गत आने वाले सभी खंडों के अलावा नगर परिषद भिवानी, नगर पालिका लोहारू व सिवानी में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में जिले में 11 शिकायतें दर्ज हुईं। जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर ही समाधान करते हुए नागरिकों को राहत प्रदान की गई।
इसी कड़ी में स्थानीय बीडीपीओ कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में बीडीपीओ सोमबीर कादयान ने ग्रामीणों की स्वामित्व योजना से संबंधित चार समस्याएं सुनीं। उन्होंने इनमें से एक समस्या गोविंद पुरा निवासी देवकी का मौके पर ही समाधान किया।
बीडीपीओ कादयान ने स्वामित्व योजना के अलावा भी अन्य परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशनों से संबंधित मामलों की भी समस्याएं सुनीं। वहीं दूसरी ओर स्थानीय नगर परिषद कार्यालय में एमई ने समाधान शिविर में शहरवासियों की प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित समस्याएं सुनीं। इस दौरान संबंधित अधिकारी व कर्मचारी एवं कई फरयादी मौजूद रहे।
समाधान शिविर में समाधान के लिए प्राप्त शिकायतों का हो रहा तुरंत समाधान : डॉ अश्विर सिंह नैन
तोशाम। एसडीएम डॉ. अशवीर सिंह नैन ने बताया कि खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय तोशाम और कैरू में सुबह 9 से 11 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। वीरवार को समाधान शिविरों में आई एक शिकायत समाधान के लिए आई, जिसका मौके पर ही समाधान किया गया।
एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों का तुरंत समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार तोशाम में बीडीपीओ विनोद सांगवान व कैरू में एसईपीओ सुरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में दोनों बीडीपीओ कार्यालय परिसर में सुबह 9 बजे से 11 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया गया है।
एसडीएम ने बताया कि इन शिविरों में नागरिक प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, स्वामित्व योजना, जमीन रजिस्ट्रेशन व अन्य प्रकार की समस्याएं समाधान के लिए रख सकते हैं। इनका संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।