खानक पहाड़ का औचक निरीक्षण करते डीसी महावीर कौशिक।
भिवानी। उपायुक्त महावीर कौशिक ने जिला के उपमंडल तोशाम के अंतर्गत आने वाले दो अलग-अलग खनन क्षेत्र में निर्धारित मापदंड पूरे न किए जाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने आज अधिकारियों के साथ खानक व खरकड़ी सोहान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने पाया कि दोनों पहाड़ों पर खनन के लिए निर्धारित मापदंडों को पूरा नहीं किया जा रहा है। इसके कारण भिवानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) में बढ़ोतरी हुई है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दोनों क्षेत्रों में नियम अनुसार पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा था और ना ही स्प्रिंकल का प्रयोग हो रहा था। खानक पहाड़ पर डीसी ने जब एंटी स्मोक गन को चलाने के निर्देश दिए तो पाया गया कि उक्त गन सही से काम नहीं कर रही थी, उसका ठीक से रखरखाव नहीं था। जबकि खरकड़ी सोहान में तो एंटी स्मॉग गन थी ही नहीं।
मौके पर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारियों ने डीसी को बताया कि खनन क्षेत्र में 5 से 6 एंटी स्मॉग गन होनी चाहिए और बाकायदा एंटी स्मॉग गन के ऑपरेशन की एंट्री लॉग बुक में की जानी चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा खनन क्षेत्र की सीमाओं पर पौधरोपण करके हरियाली की जानी चाहिए थी। ऐसा भी नहीं किया गया था।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पहाड़ खरकडी सोहान में उचित ढंग से बेंच नहीं बनाए गए थे जो की खनन के लिए जरूरी है। खनन क्षेत्र व रास्तों में पानी का छिड़काव न के बराबर था। खनन कार्य करने वाले कर्मचारी की सुरक्षा से संबंधित उपकरण जैसे हेलमेट, जूते व जैकेट नहीं थी। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि पहाड़ खरकड़ी सोहान में भारी ब्लास्टिंग की गई थी, जिसके कारण पहाड़ के पत्थर लीज एरिया से काफी दूर-दूर तक बिखरे पाए गए। उपरोक्त कमियों को लेकर खान एवं भू विज्ञान विभाग तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अलग-अलग नोटिस जारी करके कमियों को तुरंत दूर करने को कहा है, अन्यथा उनके खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त महावीर कौशिक ने बताया कि भिवानी जिला में पराली जलाने की कोई घटना नहीं है। लेकिन इसके बावजूद भी एयर क्वालिटी इंडेक्स लगभग 300 पहुंच गया है। इसी उद्देश्य से दोनों खनन क्षेत्र का आज औचक निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण में खामियां पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए हैं। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।