अंबाला सिटी। चंडीगढ़ रोड स्थित हीलिंग टच अस्पताल में बने बैंक के एटीएम में कुछ युवकों ने पूर्व सैनिक को चकमा देते हुए उसके खाते से करीब 25 हजार रुपये निकाल लिए। जानकारी के अनुसार छावनी के न्यू टैगोर गार्डन निवासी पूर्व सैनिक श्यामसुंदर के बेटे मोहित बख्शी ने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्य का इलाज कराने माता-पिता के साथ हीलिंग टच अस्पताल आए थे। इस दौरान उनके पिता श्यामसुंदर हीलिंग टच परिसर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से पैसे निकलवाने के लिए गए। जहां उनके पिता को करीब तीन युवकों ने बातों में बहला-फुसला कर उनका एटीएम कार्ड बदल लिया।
उनके पिता ने एटीएम से पैसे निकालने की कोशिश की, लेकिन पैसे नहीं निकले। यह देखकर वह वापस पारिवारिक सदस्यों के पास लौट आए। उसी दौरान उसे शक हुआ तो उसने पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों से मिलकर पैसे न निकलने की बात कही। बैंक अधिकारियों ने एटीएम कार्ड बदले जाने की बात कहते हुए कहा कि ग्राहक सुविधा केंद्र पर फोन कर वह एटीएम को तुरंत प्रभाव से लॉक करवा दें। इसी दौरान उनके फोन पर पैसे निकलने के मैसेज आने लगे। मोहित ने बताया कि ठगों ने उनके पिता के खाते से तीन बार में 25 हजार रुपये निकाल लिए।