नारायणगढ़ के महुआ खेड़ी गांव में वीरवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने गुरदीप सिंह नामक युवक की चाकुओं से गोंद कर हत्या कर दी।
हत्या की वजह दो माह पहले गांव में हुई एक क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान दो पक्षों में हुआ विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने रणधीर सिंह की शिकायत पर गांव के चार युवक सहित सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश तेज कर दी है।
पुलिस में दिए बयान में गांव के ही रणधीर सिंह पुत्र सिंग राम ने कहा कि वह और गुरदीप सिंह देर रात नखडौली से गांव वापस लौट रहे थे। वह अपने घर की तरफ मुड़ गया और गुरदीप सिंह अपने घर की तरफ चला गया।
बकौल रणधीर सिंह इसी बीच बचाओे-बचाओ की आवाज सुनकर जब वह पीछे मुड़ा तो देखा कि तीन मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवकों ने गुरदीप सिंह को घेर रखा था और वे गुरदीप सिंह पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर रहे थे। जैसे ही वह गांव के दो अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा तो हमलावर वहां से फरार हो गये।
रणधीर के अनुसार बुरी तरह घायल गुरदीप सिंह ने उसे बताया कि मारने वाले गांव के ही मोहित, रजविंद्र, दिनकर, सोमित सहित तीन अन्य युवक है। गंभीर रूप से घायल गुरदीप सिंह को मुलाना मेडिकल कालेज में पहुंचाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह कहते हैं परिजन
परिजनों के अनुसार करीब दो माह पहले गांव में ही क्रिकेट प्रतियोगिता हुई थी। इसी प्रतियोगिता के दौरान इन युवकों का गुरदीप के साथ झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद से ही यह युवक गुरदीप से रंजिश रखने लगे। इसी रंजिश के चलते हमलावरों ने उनके बेटे की हत्या कर दी है।