संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। एक सप्ताह पहले छावनी नागरिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए स्थापित की गई 500 एमए की एक्सरे मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। इस कारण मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मशीन में आई तकनीकी खराबी के चलते शनिवार को मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा।
हालांकि कुछ समय बाद ही अस्पताल में विकल्प के तौर पर पड़ी पोर्टेबल मशीन के जरिए एक्स-रे शुरू कर दिए गए थे। लेकिन इस बीच आधे घंटे तक मरीजों को इंतजार करना पड़ा। वहीं पोर्टेबल मशीन से कमर के यानी बड़े एक्स-रे न होने के कारण दर्द से कराह रहे मरीजों को लौटना पड़ा। नई मशीन में अचानक आई खराबी को लेकर ऑपरेटर यानी रेडियोग्राफर सहित पूरा स्टाफ भी हैरान था।
इस संबंध में जब मशीन स्थापित करने वाले इंजीनियरों से पूछा गया तो पता चला कि अभी ट्रायल बेस पर मशीन को जांचा जा रहा था और एक पार्ट बाकी है जिसे जल्द स्थापित किया जाएगा। उधर, अस्पताल में मरीजों को कमर के एक्स-रे करवाने के लिए प्राइवेट सेंटरों के चक्कर काटने पड़े।
बता दें कि दो साल पहले अस्पताल प्रबंधन की ओर से 500 एमए की मशीन को लेकर डिमांड भेजी गई थी. जो पूरी होने के बाद 12 लाख रुपये की डिजिटल मशीन आई थी। पहले अस्पताल में 200 एमए की मशीन से मरीजों के एक्सरे किए जाते थे। नई मशीन स्थापित होने के बाद पुरानी मशीन को हटा दिया गया था। इस समय अस्पताल में कुल 5 पांच एक्सरे मशीन हैं।
500 एमए की नई मशीन अभी ट्रायल बेस पर चल रही थी। विकल्प के तौर पर पोर्टेबल मशीन भी उपलब्ध हैं। इंजीनियर जल्द ही नई मशीन को दुरुस्त कर देंगे। -डॉ. विनय गोयल, डिप्टी मेडिकल सुपरिडेंटेंड छावनी नागरिक अस्पताल