अंबाला छावनी के सनातन धर्म मंदिर में सात साल की तीन कन्याओं का पूजन करते श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : shrinagar news
अंबाला। चैत्र नवरात्रि के सातवें दिन छावनी के मंदिरों में मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा की गई। सुबह से कालीबाड़ी मंदिर, सनातन धर्म मंदिर और हाथीखाना मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर मां के विकराल परंतु कल्याणकारी स्वरूप के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। वहीं सनातन धर्म सभा अंबाला ने सप्तमी के दिन एक विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया। सभा की ओर से तीन कन्याओं का विधिवत पूजन कर मां कालरात्रि के रूप में उनका आशीर्वाद लिया गया।
पंडित प्रवेश उनियाल ने बताया कि मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भव्य रूप से सजी-धजी तीन बालिकाओं को सम्मानपूर्वक कुर्सियों पर विराजमान किया गया। सभा के पदाधिकारियों और उपस्थित भक्तों ने श्रद्धा भाव से उनके चरण स्पर्श किए। इसके बाद कन्याओं का तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर विधिवत पूजन किया गया। सभा के सदस्यों ने तीनों कन्याओं को फलों और दक्षिणा भेंट की। संवाद